आधुनिक तुर्की के निर्माता: मुस्तफ़ा कमाल पाशा

आधुनिक तुर्की के निर्माता, कमाल अतातुर्क उर्फ ‘ मुस्तफ़ा कमाल पाशा ‘ ( इंतेक़ाल : 10 नवम्बर, 1938 ) के साथ पंडित राम प्रसाद ‘ बिस्मिल ‘ की इस फोटू के गहरे ऐतिहासिक संदर्भ हैं । वे पंडित रामप्रसाद बिस्मिल से बेहद प्रभावित थे। उन्होंने 1936 में तुर्की के ‘ दियारबाकिर ‘ राज्य में बिस्मिल शहर बसाकर उनकी शहादत व बहादुरी को सलाम किया ।

क्रांतिकारी मुस्तफा कमाल पाशा, पंडित रामप्रसाद बिस्मिल से बेहद प्रभावित थे । 1927 में बिस्मिल, अशफाक और रोशन सिंह की फांसी के बाद मुस्तफा कमाल पाशा ने इन अमर सपूतों का न केवल अपने संस्मरण में जिक्र किया बल्कि 1936 में तुर्की के ‘ दियारबाकिर ‘ राज्य में बिस्मिल शहर बसाकर उनकी शहादत व बहादुरी को सलाम भी किया । दियारबाकिर का मतलब होता है ‘ बग़ावतियों का इलाका ‘ ।

तुर्की के साउथ ईस्ट अनातोलिया के इस ‘ दियारबाकिर ‘ प्रान्त के पूरब में ‘ बिस्मिल ‘ के नाम पर एक जिला आबाद है । ये वही भारतीय क्रांतिकारी रामप्रसाद बिस्मिल हैं , जिन्होंने 9 अगस्त 1927 के प्रसिद्ध ‘ काकोरी कांड ‘ में अपने तीन साथियों के साथ 19 दिसम्बर 1927 को शहादत दी थी । दियारबाकिर में ‘ बिस्मिल शहर ‘ की स्थापना 1938 में हुई थी । उस समय तक बिस्मिल क्रांति के प्रतीक बन चुके थे ।

बिस्मिल भी तुर्की में हुए बदलाव के चलते मुस्तफा से बहुत प्रभावित थे । उन्होंने 1922 में ‘ प्रभा ‘ पत्रिका में ‘ विजयी कमाल पाशा ‘ नाम से एक लेख भी लिखा था, जब अगस्त 1922 में वहां विजय दिवस मनाया गया था ।

बहुत अरचनात्मक माहौल की कोल्हू के बैल जैसी रेऊं – रेऊं लंबी नौकरी , आर्थिक सुरक्षा तो दे देती है, आदमी का बहुत कुछ छीन भी लेती है । इतना कि आदमी को आदमी होना भी मयस्सर नहीं होता । मेरे एक दोस्त के साथ भी ऐसा ही हुआ । लेकिन कभी – कभी वह कुछ अकादमिक बातें उकसाता है । वह एक दिन खिलाफत आंदोलन के भारतीय संदर्भ पर बात कर रहा था । लंबी बात हुई थी । तब मुझे भी कहां ख्याल था कि 10 नवंबर के दिन ही मुस्तफ़ा कमाल पाशा का इंतेक़ाल हुआ था ।

पूरे इतिहास में न दाखिल होकर सहूलियत लेते हैं और यहीं से शुरू होते हैं कि मंगोलों का प्रभाव समाप्त होते ही आटोमन साम्राज्य की स्थापना हुई जिसका प्रथम सम्राट उसमान था । उस समय टर्की की सीमाओं में बहुत विस्तार हुआ ।

1516 और 1517 में क्रमश: सीरिया और मिस्र जीत लिया गया । सुलतान सुलेमान के शासनकाल में एशिया माइनर, कुछ अरब प्रदेश, उत्तरी अफ्रीका, पूर्वी भूमध्यसागरीय द्वीप, बालकन, काकेशस और क्रीमिया में तुर्की का वर्चस्व था । 17वीं सदी के उत्तरार्ध में रूस से शत्रुता शुरू हुई और 1854 में क्रीमिया का युद्ध हुआ ।

1839 में व्यापक सुधार आंदोलन आरंभ हुआ, जिससे सुलतान के अधिकारों पर लगाम लगी । इसी आशय का एक संविधान 1876 में पारित हुआ, किंतु एक वर्ष तक चलने के बाद वह स्थगित हो गया । तब वहां बेलगाम राजशाही पुन: लागू हो गयी । 1908 में युवक क्रांति हुई, जिसके बाद 1876 का संविधान फिर लागू हुआ । 1913 में सुलतान मेहमत शासन का अध्यक्ष बना । प्रथम विश्वशुद्ध के समय टर्की के नेताओं ने जर्मनी का साथ दिया । इस युद्ध में टर्की पराजित हुए । युद्ध – विराम – संधि के होते ही अनवर पाशा और उसके सहयोगी अन्य शीर्षस्तरीय नेता टर्की छोड़कर भाग गये ।

एशिया माइगर आदि क्षेत्र ब्रिटेन, फ़्रांस, ग्रीस और इटली में बंट गये । 1919 में ग्रीस ने अनातोलिया पर आक्रमण किया, किंतु मुस्तफा कमाल अतातुर्क ( कमाल अतातुर्क ) के नेतृत्व में हुए संघर्ष में ( 1922 ) ग्रीस पराजित हुआ । सुलतान का प्रभाव क्षीण होने लगा और अंकारा में मुस्तफा कमाल के नेतृत्व में व्यापक मान्यताप्राप्त राष्ट्रीय सरकार की स्थापना हुई । 1923 की लासेन संधि के अनुसार टर्की का प्रभुत्व एशिया माइनर तथा थ्रेस के कुछ भाग पर मान लिया गया । 29 अक्टूबर 1923 को टर्की गणराज्य घोषित हुआ ।

इसके बाद टर्की में अतातुर्क सुधारों के नाम से अनेक सामाजिक राजनीतिक और विधिक सुधार हुए । गणतांत्रिक संविधान में धर्मनिरपेक्षता, धार्मिक संगठनों के उन्मूलन और स्त्रियों के उद्धार आदि की व्यवस्था हुई ।

अरबी लिपि के स्थान पर रोमन लिपि का प्रचलन घोषित हुआ । मुस्तफा कमाल की मृत्यु ( 1938 ) के पूर्व तक उन के नेतृत्व में रिपब्लिकन पीपुल्स पार्टी अत्यधिक प्रभावशाली और मुख्य राजनीतिक संगठन के रूप में रही । प्रथम विश्वयुद्ध में तुर्की ने जर्मनी का साथ दिया । 1919 में मुस्तफ़ा कमाल पाशा (अतातुर्क) ने देश का आधुनिकीकरण आरंभ किया । उन्होंने शिक्षा, प्रशासन, धर्म आदि के क्षेत्रों में कठमुल्लापन जमींदोज करा दिया और तुर्की को आधुनिक राष्ट्र के रूप में स्थापित किया ।

दुनिया के तरक्की पसंद लोगों को मुस्तफ़ा कमाल पाशा पर गर्व है । दुनिया को फिर जरूरत है अतातुर्कों की । चाहे कोई फिरका हो । हिन्दू, मुसलमान या ईसाई । लाख सलाम, पाशा को जिसने तुर्की में उस्मानिया खलीफाओं की खलीफाई का अंत कर पंथनिरपेक्ष गणराज्य की स्थापना की । “

पता नहीं दुनिया भर के इस्लाम के अनुयायी सोच के स्तर पर अतातुर्क कमाल पाशा के साथ हैं या उस्मान के ? लेकिन यह तय हो जाना चाहिए । इसी तरह हिन्दू बुद्ध और स्वामी विवेकानंद के साथ हैं या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ?

यह तय करना ही होगा कि हम पंथ निरपेक्षता, लोकतंत्र और वैज्ञानिक नजरिये के साथ हैं या मजहबी पोंगापंथी के, जिसने दुनिया को विनाश के मुहाने पर पहुंचा दिया है । एक बार फिर अतातुर्क कमाल पाशा को सलाम । दुनिया को फिर तुम्हारी जरूरत है पाशा ।
(नेहरू रिव्यू से साभार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *